पूर्वोत्तर रेलवे का बड़ा फैसला, 13 फेरों तक चलेगी ट्रेन, बरेली, पीलीभीत, गोरखपुर समेत कई स्टेशनों पर ठहराव
बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के इज्जतनगर मंडल ने गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए एक अहम फैसला लिया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए लालकुआँ से कोलकाता के बीच साप्ताहिक ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है।यह विशेष ट्रेन 13 फेरों के लिए चलाई जाएगी। जिससे उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
कब से कब तक चलेगी ट्रेन?
05060 लालकुआँ-कोलकाता स्पेशल ट्रेन 02 अप्रैल से 25 जून, 2026 तक हर बृहस्पतिवार को लालकुआँ से दोपहर 01:35 बजे चलकर 05059 कोलकाता – लालकुआँ स्पेशल, 04 अप्रैल से 27 जून, 2026 तक हर शनिवार को कोलकाता से सुबह 05:00 चलेगी। यह ट्रेन कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इसमें किच्छा, भोजीपुरा, पीलीभीत, मैलानी, लखीमपुर, सीतापुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बरौनी, झाझा, आसनसोल, बर्द्धमान, नैहाटी होते हुए कोलकाता तक पहुंचेगी।
यात्रियों के लिए 18 कोच
इस स्पेशल ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। इसमें 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 06 शयनयान (Sleeper), 04 एसी थर्ड इकोनॉमी, 01 एसी सेकंड, 01 एसी फर्स्ट/सेकंड, 01 एलएसएलआरडी और 01 जनरेटर सह लगेज यान शामिल हैं। इसमें हर वर्ग के यात्रियों को सुविधा मिलेगी। गर्मियों में बढ़ती भीड़ से राहत मिलेगी। उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल के बीच सीधा कनेक्शन होगा।
