जालौन : उत्तर प्रदेश के उरई से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। यहां आर्थिक तंगी और घरेलू विवाद के बीच एक मां ने अपनी ही चार साल की मासूम बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। यह वारदात आटा थाना क्षेत्र के अकबरपुर इटौरा गांव की बताई जा रही है, जहां पारिवारिक कलह ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली।
विवाद के बाद मां ने ली बेटी की जान
जानकारी के अनुसार, दंपती के बीच लंबे समय से आर्थिक तंगी और घरेलू विवाद चल रहा था। घटना की रात भी पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। पति राजकुमार का आरोप है कि उसकी पत्नी विनीता पिछले कुछ दिनों से मायके जाने की जिद कर रही थी, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह उसे नहीं भेज पा रहा था। रात में सभी लोग सो गए थे, तभी विनीता ने चार साल की बेटी नैना का गमछे से गला घोंट दिया। इसी दौरान घर में मौजूद 10 वर्षीय बेटे उमंग ने पूरी घटना को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिससे मामले में अहम सबूत पुलिस को मिला है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा, मां हिरासत में
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह पुष्टि हुई है कि बच्ची की मौत गले की हड्डी टूटने से हुई है। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी महिला से लगातार पूछताछ की जा रही है। वहीं परिवार के अन्य सदस्यों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
गांव में मातम, मासूम की मौत से पसरा सन्नाटा
घटना के बाद पूरे गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है। चार साल की नैना, जिसे लोग प्यार से ‘बिट्टो’ कहकर बुलाते थे, उसकी मौत से मोहल्ले में शोक की लहर है। ग्रामीणों के अनुसार, बच्ची बेहद चंचल और सभी की दुलारी थी। उसकी मासूम हरकतें हर किसी का दिल जीत लेती थीं। वहीं इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। लोग इस बात से हैरान हैं कि आखिर कैसे एक मां अपनी ही संतान की जान ले सकती है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
