नई दिल्ली / झज्जर / नोएडा : गुरुवार सुबह दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में भूकंप के तेज झटकों से दहशत फैल गई। सुबह करीब 9:04 बजे धरती करीब 10 सेकंड तक कांपी। जिससे लोग घबराकर घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 मापी गई है और इसका एपिसेंटर हरियाणा के झज्जर से 10 किलोमीटर उत्तर में बताया गया है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) ने इसकी पुष्टि की है।
कहां-कहां महसूस हुए झटके?

भूकंप के झटके दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर, बहादुरगढ़, रोहतक, जींद और भिवानी में महसूस किए गए। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से लेकर हरियाणा के गुरुग्राम तक लोग झटकों के दौरान अपने घरों और ऑफिसों से बाहर निकलते देखे गए।
जानें क्या बोले स्थानीय लोगों
गाजियाबाद के एक व्यक्ति ने कहा, “मैं एक दुकान पर था, ऐसा लगा जैसे पूरी दुकान हिल रही हो।” गुरुग्राम निवासी बोले, “हम चाय पी रहे थे तभी ज़ोरदार झटका लगा, सभी लोग दौड़कर बाहर निकल गए।”दिल्ली के एक यात्री ने बताया कि मेट्रो ट्रेन कुछ मिनटों के लिए रोकी गई, हालांकि उन्हें ट्रेन के भीतर झटका महसूस नहीं हुआ।
SOP के तहत रोकी गई
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने भूकंप झटकों के बाद सुरक्षा के तहत सभी मेट्रो ट्रेनों को कुछ समय के लिए रोका। दिल्ली पुलिस ने भी बयान जारी कर बताया कि किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है।
क्यों आता है भूकंप ?
पृथ्वी की सतह सात बड़ी टेक्टोनिक प्लेटों से बनी है, जो लगातार गति में रहती हैं। जब ये प्लेट्स एक-दूसरे से टकराती हैं, तो ऊर्जा के निकलने से कंपन उत्पन्न होता है, जिसे भूकंप कहा जाता है।
ऐसे मापी जाती है भूंकप की तीव्रता?
भूकंप की तीव्रता को रिक्टर स्केल पर मापा जाता है। यह स्केल 1 से 9 तक होती है। 3.0 से कम बहुत हल्का, 3.0-5.0 हल्का से मध्यम 5.0-7.0 तेज़,7.0 से ऊपर गंभीर
