बरेली : यूपी के बरेली शहर के सुभाषनगर थाना क्षेत्र की शांति विहार कॉलोनी में एक 22 वर्षीय विवाहिता सोनी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। मृतका के मायका पक्ष ने पति हिमांशु पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
मायका पक्ष का आरोप: दहेज के लिए की गई हत्या
हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव सुंदरी की रहने वाली सोनी की शादी करीब चार साल पहले हिमांशु से हुई थी। सोनी की मां सुमन देवी का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज को लेकर सोनी को लगातार प्रताड़ित कर रहा था। कई बार मायके से पैसे मंगवाए गए। सोमवार शाम सोनी की पिटाई की गई और उसके बाद लकड़ी की पटली से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।
पति और ससुराल पक्ष का दावा, आत्महत्या थी
आरोपी पति हिमांशु, जो कि सिक्योरिटी गार्ड है। उनका कहना है कि सोनी ने किसी बात को लेकर नाराज होकर फांसी लगा ली। सास रामादेवी ने बताया कि सोनी और हिमांशु के बीच शराब पीने को लेकर अक्सर विवाद होते थे। मंगलवार को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद हिमांशु घर से बाहर चला गया था। शाम को जब वह वापस आया तो दरवाजा बंद था। जब दरवाजा तोड़ा गया, तो सोनी फंदे से लटकी मिली।
पुलिस का बयान: पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद तय होगी दिशा
थाना सुभाषनगर प्रभारी जितेंद्र सिंह ने मीडिया को बताया कि मामला संदिग्ध है और सभी एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही मौत के सही कारण का खुलासा होगा।
