बरेली : सोमवार सुबह फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार और डीसीएम (मिनी ट्रक) की आमने-सामने टक्कर में मां-बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मुरादाबाद जा रहे थे मां-बेटे, फतेहगंज के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान हरदोई जिले के रहने वाले अपर्ण पांडे और उनकी मां मनोरमा पांडे के रूप में हुई है। अपर्ण पांडे मुरादाबाद में बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में उप प्रबंधक (Deputy Manager) के पद पर तैनात थे। सोमवार सुबह वे अपनी मां के साथ कार से मुरादाबाद जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के टिसुआ के पास पहुंची, अचानक वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जा घुसा और सामने से आ रही डीसीएम से जबरदस्त टक्कर हो गई।
टक्कर की आवाज से दहल उठा इलाका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह डीसीएम में समा गया। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के गांवों में लोग घरों से बाहर निकल आए। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने जेसीबी की मदद से कार को काटकर मां-बेटे को बाहर निकाला। दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी फरीदपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव भेजे पोस्टमार्टम को, हाईवे पर लगा जाम
हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाने और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाने में कड़ी मशक्कत की। कुछ घंटों की मेहनत के बाद यातायात बहाल हो सका। फतेहगंज पूर्वी थाना पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को हादसे की सूचना दी। बताया गया कि मृतक अपर्ण के पिता अशोक कुमार पांडे रामपुर जिले में पुलिस विभाग में दरोगा के पद पर तैनात हैं। बेटे और पत्नी की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से उठाई मांग
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि टिसुआ क्षेत्र में हाईवे पर तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस स्थान पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
पुलिस ने कहा – विधिक कार्रवाई जारी
थाना फतेहगंज पूर्वी पुलिस के अनुसार, मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
