बुलंदशहर : गुरुवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें स्कूटी सवार पति-पत्नी और उनकी 6 साल की बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार सवार 3 लोग और सड़क से गुजर रहा एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भयावह थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और तीनों लोग 10 फीट दूर जा गिरे। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। सड़क पर चारों तरफ शव और घायल पड़े थे और कार में फंसे लोग मदद के लिए चीख रहे थे।
कार चालक घायल होते हुए भी बच्ची को अस्पताल ले गया
दर्दनाक दृश्य के बीच, गंभीर रूप से घायल कार चालक 6 साल की बच्ची को गोद में उठाकर अस्पताल की ओर भागा। राहगीरों ने भी मौके पर पहुंचकर घायलों को कार से बाहर निकाला और शवों को किनारे किया।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया। यहां तीनों स्कूटी सवारों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि बाकी घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। मृतक परिवार दिल्ली का रहने वाला था, जबकि कार सवार नोएडा निवासी बताए जा रहे हैं। हादसा अगौता थाना क्षेत्र से महज 100 मीटर दूर हुआ।
कैसे हुआ हादसा?
परिवार अपनी रिश्तेदारी से नगला शेख स्थित घर लौट रहा था। अकबरपुर रैना के पास अचानक सामने से एक वाहन आ गया। स्कूटी बेकाबू होकर फिसली और उसी समय तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उन्हें रौंद दिया। उछलकर दूर गिरे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क से गुजर रहा लखीमपुर निवासी मजदूर राजाराम भी टक्कर की चपेट में आकर घायल हो गया। एक राहगीर ने अगौता थाने जाकर पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी अतुल चौहान टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में पड़े दंपती को सरकारी वाहन से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
