गाजियाबाद : गाजियाबाद से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र के बुध बाजार इलाके में सोमवार रात एक पति ने अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी की हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोग दहशत में हैं।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पति राशिद बांस-बल्ली बनाने का काम करता है। घटना के समय उसकी पत्नी शबनम और उसका प्रेमी फहीम घर में मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि राशिद ने गुस्से में आकर दोनों पर भारी वस्तु से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात के वक्त घर में आरोपी के सातों बच्चे भी मौजूद थे। बच्चों के सामने ही यह खौफनाक घटना घटी, जिससे उनके मानसिक स्थिति पर गहरा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने किसी एक पर गोली भी चलाई थी, हालांकि इसकी पुष्टि के लिए जांच जारी है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद और अवैध संबंधों से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
जांच में यह भी सामने आया है कि शबनम अपने पति से तलाक लेना चाहती थी और अलग रह रही थी। वह जिस मकान में रह रही थी, उसे बेचना चाहती थी और अपने प्रेमी फहीम से शादी करने की योजना बना रही थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। फिलहाल पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके। इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों के खतरनाक अंजाम को सामने ला दिया है।
