हापुड़ : हापुड़ जिले में दिनदहाड़े हाईवे पर हुई बड़ी लूट की वारदात ने पुलिस और व्यापारियों दोनों की चिंता बढ़ा दी है। पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली–लखनऊ हाईवे पर बदमाशों ने बाइक सवार एक चीनी व्यापारी के मुनीम से करीब 85 लाख रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए, जबकि पीड़ित को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित की पहचान नोएडा के दादरी निवासी 42 वर्षीय अजय पाल के रूप में हुई है। अजय पाल हापुड़ के बड़े घी, तेल और चीनी कारोबारी गोपाल के यहां मुनीम का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को वे बाइक से आसपास के फुटकर व्यापारियों से कलेक्शन करने निकले थे। दिनभर में उन्होंने करीब 85 लाख रुपये की रकम इकट्ठा की थी और दोपहर करीब 2.30 बजे कलेक्शन लेकर वापस ऑफिस लौट रहे थे।
जब अजय पाल दिल्ली–लखनऊ हाईवे पर पिलखुवा थाना क्षेत्र में सरस्वती मेडिकल कॉलेज के पास पहुंचे, तभी पीछे से बाइक सवार दो बदमाश वहां आ गए। बदमाशों ने उनकी बाइक में जानबूझकर टक्कर मार दी, जिससे अजय बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। गिरते ही बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद एक बदमाश ने उनकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया और जान से मारने की धमकी दी।
बदमाशों ने अजय के पास मौजूद पैसों से भरा पिठ्ठू बैग छीन लिया। लूट को अंजाम देने के बाद भी बदमाश नहीं रुके, बल्कि तमंचे की बट से अजय के सिर पर वार किया और फरार हो गए। पैर में गंभीर चोट लगने की वजह से अजय बदमाशों का पीछा नहीं कर सके। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल अजय पाल की मदद की और उन्हें सरस्वती मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, उनके सिर और पैर में चोटें आई हैं, लेकिन फिलहाल हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही, बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
