आगरा: शनिवार देर रात आगरा के रुनकता इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको दहला दिया। तेज रफ्तार कैंटर फ्लाईओवर से उतरने के बाद आगे चल रहे कंटेनर से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंटर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसका केबिन हाईवे पर बिखर गया। इस हादसे में केबिन में बैठे एक पुरुष, एक महिला, चालक और पीछे बैठे एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक युवक बाहर गिरने से बाल-बाल बच गया, जिसे गंभीर हालत में भरतपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, कैंटर में बांस-बल्लियां लदी थीं और चालक ने तेज रफ्तार में वाहन चला रखा था। बताया जा रहा है कि चालक शराब के नशे में था। जैसे ही वह रुनकता फ्लाईओवर से उतरा, कैंटर आगे चल रहे कंटेनर से पीछे से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कैंटर का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया और केबिन सड़क पर गिर गया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम लग गया।
एसीपी हरीपर्वत अक्षय संजय महाडिक ने बताया कि मृतकों में शामिल महिला और पुरुष मथुरा जा रहे थे, जबकि चालक और किशोर की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। घायल युवक की पहचान उपेंद्र निवासी भरतपुर के रूप में हुई है, जो ग्वालियर से परीक्षा देकर लौट रहा था और गुरुग्राम जा रहा था। उसके परिजनों को सूचना देकर भरतपुर अस्पताल भेजा गया है।
हादसे के बाद पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर कैंटर को चौकी पर खड़ा कर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृतकों की शिनाख्त और हादसे के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
