नई दिल्ली : दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित संस्कृति स्कूल सहित कई स्कूलों में गुरुवार सुबह बम की धमकी वाला ईमेल पहुंचने से हड़कंप मच गया। ईमेल मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूल परिसर, भवनों, कक्षाओं और आसपास के क्षेत्रों में गहन तलाशी अभियान चलाया।
करीब एक घंटे से अधिक समय तक चली जांच के दौरान सुरक्षा कर्मियों को कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। फिलहाल ईमेल की तकनीकी जांच जारी है और इसे भेजने वाले की पहचान की कोशिश की जा रही है। अन्य स्कूलों में भी एहतियातन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
घटना के समय स्कूल में बच्चे और स्टाफ मौजूद थे, जिन्हें तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। स्कूल परिसर को पूरी तरह खाली करा दिया गया। पुलिस अधिकारी मौके पर तैनात हैं और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
इससे पहले, 18 नवंबर को दिल्ली के चार कोर्ट और दो स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला था। धमकी के बाद साकेत, द्वारका, पटियाला हाउस और रोहिणी कोर्ट को खाली करा कर विस्तृत तलाशी अभियान चलाया गया था, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। लगातार मिल रही इन धमकियों के बाद राजधानी में सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी गई है।
