संभल/रामपुर/बरेली/मुरादाबाद : पश्चिमी यूपी के गांवों में ‘ड्रोन दहशत’ ने लोगों की नींदें उड़ा दी हैं। मुरादाबाद मंडल के अमरोहा, संभल, रामपुर, मुरादाबाद के बाद बरेली के दर्जनों गांवों में ग्रामीणों ने रातभर पहरा देना, बाहरी लोगों की आईडी चेक करना, और ड्रोन देखने पर पुलिस को सूचना देना शुरू कर दिया है। ड्रोन को लेकर शक और अफवाहें इतनी बढ़ गई हैं कि कई जगह लोगों ने बाहरी युवकों को पकड़कर पूछताछ भी शुरू कर दी है। बरेली जिले के कुछ गांवों में भी रात 10 बजे के बाद ड्रोन देखने के दावे किए गए हैं। इस मामले में “The Justice Hindi” को सीओ संदीप कुमार ने बताया कि इस मामले में कोई शिकायत नहीं आई है। फरीदपुर क्षेत्र में स्थित एक शुगर मिल से ड्रोन के उड़ने की सूचना मिली थी। इसके बाद जांच पड़ताल की गई। उनसे कहा गया है कि दोबारा देखें तो तुरंत सूचना दें। उसको तुरंत पहुंचकर जांच की जाएगी। पब्लिक से शिकायत आएगी, तो उन गांवों में पिकेट लगाई जाएगी। अभी सिर्फ मीडिया के माध्यम से सूचना मिल रही है।
जानें क्या है डर की वजह?
देखें वीडियो 👇🏻
https://youtu.be/OGepe3ngNrc?si=kvJolG_m33XRf5UR
बरेली के सिंघाई गांव में कथित तौर पर ड्रोन उड़ने के बाद चोरी की घटनाएं हुईं। वाहनपुर के साबिर खां ने बताया कि गांव में रात भर ड्रोन उड़ रहे थे। इससे पूरा गांव दहशत में हैं। इसके अलावा कई गांवों में एक रात में 6 से 7 ड्रोन उड़ते देखे जाने का दावा किया गया। लोग अब इसे “ड्रोन के ज़रिए चोरी की रेकी” मान रहे हैं। डीआईजी मुनिराज जी ने मीडिया को बताया कि “ड्रोन और चोरी के बीच कोई सीधा संबंध अभी तक नहीं मिला है। लेकिन अफवाहों पर नियंत्रण के लिए पुलिस सक्रिय है।इसके साथ ही उन्होंने बताया कि ड्रोन रखने वालों का पुलिस सत्यापन किया जाएगा। प्रत्येक थाने में ड्रोन मालिकों की बैठक कराई जाएगी। संभल में मिले एक ड्रोन को फोरेंसिक लैब भेजा गया है ताकि उसकी पहचान हो सके।
रामपुर में संदिग्ध युवक गिरफ्तार, 3 फरार

ठाकुरद्वारा के भायपुर गांव में ग्रामीणों ने रात 11 बजे एक युवक को पकड़ा, जो कॉलेज की दीवार के पास संदिग्ध रूप से घूम रहा था। वह उत्तराखंड के जसपुर का निवासी निकला। उसके तीन साथी मौके से भाग निकले। ग्रामीणों को शक है कि उनके पास ड्रोन हो सकता है।
सोशल मीडिया पर भी नज़र
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ड्रोन या चोरी से जुड़े वीडियो या अफवाहें सोशल मीडिया पर शेयर न करें, क्योंकि इससे दहशत फैलती है।
