आगरा: अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बेटे डोनाल्ड ट्रम्प जूनियर गुरुवार को पहली बार ताजमहल पहुंचे। वे अपनी गर्लफ्रेंड के साथ आगरा घूमने आए थे। ताजमहल परिसर में उन्होंने करीब 45 मिनट बिताए और मशहूर डायना बेंच पर फोटोशूट भी कराया। इस दौरान ट्रम्प जूनियर सफेद आउटफिट में और उनकी गर्लफ्रेंड लाल वेस्टर्न ड्रेस में नजर आईं।
ट्रम्प जूनियर दोपहर 1:30 बजे खेरिया एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से सीधे होटल अमर विलास ओबेरॉय गए। उनके लिए लग्जरी कोहिनूर सुइट बुक किया गया था, जिसकी एक रात की कीमत 7 से 8 लाख रुपए है। यहां उन्होंने कुछ देर आराम किया और कॉन्टिनेंटल व इंडियन व्यंजनों का लंच किया।
होटल में कपड़े बदलने के बाद वे गोल्फ कार्ट से ताजमहल के पूर्वी गेट पहुंचे। ताजमहल दर्शन में उनके साथ 40 देशों के 126 विशेष मेहमान भी थे। शाम करीब 4:30 बजे वे परिसर से बाहर निकले और सीधे वापस होटल पहुंचे। वहां से अपना सामान लेकर वे खेरिया हवाई अड्डे पहुंचे और जामनगर, गुजरात के लिए रवाना हो गए।
इससे पहले, छह साल पहले, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प खुद भी परिवार के साथ आगरा आए थे। उस समय उन्होंने पत्नी मेलानिया के साथ ताजमहल परिसर में करीब डेढ़ किलोमीटर तक पैदल चलते हुए फोटोशूट कराया था। विजिटर्स बुक में ट्रम्प ने ताजमहल को भारत की समृद्ध संस्कृति का प्रतीक बताया था।
गुरुवार को ट्रम्प जूनियर ने दोपहर 3:15 बजे रॉयल गेट से ताजमहल में प्रवेश किया। यहां वे करीब 5 मिनट तक खड़े होकर स्मारक को निहारते रहे। इसके बाद वे धीरे-धीरे सेंट्रल टैंक की ओर बढ़े और डायना बेंच पर अपनी गर्लफ्रेंड व दोस्तों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
आगे बढ़ते हुए उन्होंने मुख्य गुंबद, शाहजहां-मुमताज की कब्र और ताजमहल की वास्तुकला व इतिहास के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
