लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत देते हुए सस्ते ऋण की सौगात दी है। रविवार को उन्होंने ऐलान किया कि अब लघु और सीमांत किसानों को मात्र 6 प्रतिशत ब्याज दर पर कृषि ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। फिलहाल यूपी सहकारी ग्राम विकास बैंक से किसानों को 11.50 प्रतिशत ब्याज पर लोन मिलता है, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा था। मुख्यमंत्री के इस फैसले के बाद ब्याज की शेष राशि राज्य सरकार खुद वहन करेगी।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सहकारी ग्राम विकास बैंक की मौजूदा ब्याज दर किसानों के लिए भारी पड़ रही थी। सरकार इसे कम करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत यह ऋण एलडीबी (लैंड डेवलपमेंट बैंक) के माध्यम से दिया जाएगा, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। इस घोषणा से प्रदेश के करीब 2 करोड़ लघु और सीमांत किसानों को फायदा होगा। यूपी में कुल लगभग 2.86 करोड़ किसान हैं, जिनमें 78 प्रतिशत सीमांत और 14 प्रतिशत छोटे किसान शामिल हैं। सरकार का फोकस इसी वर्ग पर है, क्योंकि कुल किसानों में 92 प्रतिशत भागीदारी इन्हीं की है।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में युवा सहकार सम्मेलन और यूपी को-ऑपरेटिव एक्सपो-2025 का शुभारंभ किया। यह एक्सपो 31 दिसंबर तक चलेगा, जिसका उद्देश्य सहकारिता क्षेत्र की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को एक मंच पर लाना है। योगी सरकार की यह पहल किसानों पर ऋण का बोझ कम करने, सहकारी बैंकिंग को मजबूत करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
