भरूच : सायखा जीआईडीसी इलाके में स्थित एक दवा फैक्टरी में बुधवार तड़के भीषण हादसा हो गया।
फैक्टरी के अंदर बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ और देखते ही देखते पूरी इमारत आग की लपटों में घिर गई।
इस हादसे में दो श्रमिकों की मौत हो गई है, जबकि करीब 20 मजदूर घायल बताए जा रहे हैं।
भरूच के जिला कलेक्टर गौरांग मकवाना ने बताया कि हादसा सुबह करीब 2:30 बजे हुआ।
विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि फैक्टरी की पूरी इमारत ढह गई।
ज्यादातर मजदूर किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन दो श्रमिक अंदर फंस गए और उनकी मौत हो गई।
दमकल विभाग की टीम ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और मलबे से शवों को बरामद किया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, फायर ब्रिगेड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी।
जिला कलेक्टर ने बताया कि कुछ मजदूरों ने दावा किया है कि विस्फोट के बाद एक व्यक्ति अब भी लापता है और संभव है कि वह मलबे में फंसा हो।
औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशालय (DISH) के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
वे जांच कर रहे हैं कि फैक्टरी के पास सभी जरूरी लाइसेंस और सुरक्षा अनुमतियाँ थीं या नहीं।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रशासन ने घायल मजदूरों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है और मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
