नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा हरियाणा विधानसभा चुनाव में वोटर लिस्ट और फर्जी वोटों के आरोपों पर भाजपा ने कड़ा पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता किरन रिजिजू ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में मतदान चल रहा है और वे हरियाणा चुनाव का मुद्दा उठा रहे हैं।
राहुल गांधी ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि हरियाणा चुनाव में 25 लाख फर्जी वोटर पंजीकृत थे और हर आठ में एक मतदाता फर्जी था। उन्होंने कहा कि फर्जी वोटों से जनादेश चुराया गया।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए किरेन रिजिजू ने कहा, “राहुल गांधी संसद सत्र के दौरान अक्सर विदेश चले जाते हैं। बिहार में चुनाव प्रचार के बीच वे कोलंबिया या थाईलैंड से प्रेरणा लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आपका समय बर्बाद कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष को तथ्यों पर बात करनी चाहिए, फिजूल की बातें नहीं।”
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि राहुल गांधी एग्जिट पोल को लेकर पक्षपाती रवैया अपनाते हैं। “जब उनके पक्ष में एग्जिट पोल आता है तो वे इसे सही बताते हैं, और जब विरोध में आता है तो गाली देते हैं। वे हाइड्रोजन बम की बातें करते हैं, लेकिन उनका एटम बम फटता क्यों नहीं?”
रिजिजू ने कांग्रेस के अंदर असंतोष का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हाल ही में पार्टी के एक नेता ने इस्तीफा दिया और कहा कि कांग्रेस का हरियाणा में तालमेल ही नहीं है। ऐसे में राहुल गांधी चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हैं, जबकि जनता को विश्वास नहीं होगा।
भाजपा की ताकत का हवाला देते हुए रिजिजू ने कहा, “हमारी पार्टी में अनुशासन और काडर की ताकत है। मतदाता सूची सभी के पास उपलब्ध है और शुद्धिकरण की प्रक्रिया मौजूद है। जिनके नाम कट रहे हैं, वे शिकायत नहीं कर रहे और राहुल गांधी रो रहे हैं। वे लोगों से नहीं जुड़ते और दुनियाभर की बातें करते रहते हैं।”
