लखनऊ : अमित शाह ने अपने संबोधन की शुरुआत धार्मिक और राष्ट्रवादी नारों के साथ की। उन्होंने सबसे पहले “जय श्रीराम” का जयकारा लगाया, फिर “भारत माता की जय” के नारे लगाए। इसके बाद उन्होंने लखनऊ की जनता से सवालिया अंदाज में कहा कि आज यूपी दिवस है, लखनऊ वालों की आवाज को क्या हो गया है। इस पर मौजूद भीड़ ने जोरदार तरीके से नारे लगाए और पूरा माहौल उत्साह से भर गया।
अपने भाषण में अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का संकल्प लिया है और उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को विकसित राज्य बनाने का बीड़ा उठाया है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 2047 को जब देश आजादी के सौ साल पूरे करेगा, तब उत्तर प्रदेश एक विकसित राज्य के रूप में देश के सामने होगा। उन्होंने यह भी कहा कि विकसित भारत के निर्माण में उत्तर प्रदेश की भूमिका बेहद अहम है, क्योंकि यूपी न सिर्फ देश की धड़कन है बल्कि विकास का इंजन भी बनता जा रहा है।
अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए बताया कि उन्हें योगी जी ने जानकारी दी कि जिस स्थान पर आज कार्यक्रम हो रहा है, वहां पहले 65 एकड़ में कूड़े का पहाड़ हुआ करता था। इस कूड़े को कंचन में बदलकर इस पूरे क्षेत्र को विकसित किया गया है, जो सरकार की दूरदर्शी सोच और मजबूत इच्छाशक्ति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन दिखाता है कि अगर नीयत साफ हो तो कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती।
उन्होंने प्रदेश सरकार की युवा केंद्रित योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश में हर साल एक लाख युवाओं को पांच लाख रुपये तक का लोन बिना ब्याज, बिना गारंटी देने की व्यवस्था की गई है। अब तक करीब एक लाख युवाओं को इस योजना का लाभ मिल चुका है। इससे युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं और वे आत्मनिर्भर बन रहे हैं। अमित शाह ने कहा कि यही असली विकास है, जहां युवाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने का मौका मिलता है।
अपने भाषण में उन्होंने “एक जिला एक उत्पाद” योजना का भी उल्लेख किया। अमित शाह ने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में पहली बार इस योजना को भाजपा के संकल्प पत्र में शामिल किया गया था। उस समय सवाल उठाए गए थे कि क्या उत्तर प्रदेश इस योजना को सफल कर पाएगा, लेकिन आज यूपी न सिर्फ इसे सफल बना चुका है बल्कि पूरे देश के लिए एक मॉडल बन गया है। कई अन्य राज्य भी अब इस योजना को अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश ने “एक जिला एक मिष्ठान” की शुरुआत कर एक और नई उपलब्धि हासिल की है।
अमित शाह ने उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि यह धरती श्रीराम, श्रीकृष्ण, भगवान शिव और भगवान बुद्ध की धरती है। उन्होंने प्रेरणा स्थल पर पहली बार आने की बात कहते हुए कहा कि यहां लगी तीन महान विभूतियों की मूर्तियां आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों और पूरी सरकार को इस पहल के लिए बधाई दी और कहा कि यह स्थल राष्ट्र जागरण का केंद्र बनेगा और दशकों तक देश को दिशा देगा।
उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने कूड़े को कंचन में बदलने का काम किया है और सीएम युवा योजना के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच जिलों को सम्मानित किया गया है। अब तक करीब 1.30 लाख युवाओं को करोड़ों रुपये का ऋण दिया जा चुका है। कार्यक्रम के दौरान शुभांशु शुक्ला, अलख पांडेय, सुधांशु सिंह, रश्मि आर्य और हरिओम पंवार को भी सम्मानित किया गया। अमित शाह ने कहा कि ऐसे युवाओं को सम्मानित करने से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और दूसरों को भी अच्छा करने की प्रेरणा मिलती है।
अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब रोजगार सृजन का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में यूपी का हर जिला रोजगार युक्त होगा, ताकि प्रदेश के युवाओं को काम के लिए बाहर न जाना पड़े और वे अपने माता-पिता की सेवा करते हुए अपने ही राज्य में आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की तरक्की देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।
अपने भाषण के अंत में अमित शाह ने 2017 से पहले और अब के उत्तर प्रदेश की तुलना करते हुए कहा कि पहले कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था कि यूपी इतनी तेजी से बदलेगा। आज प्रदेश ग्रीन डेस्टिनेशन बन रहा है, 15 लाख करोड़ रुपये की योजनाएं जमीन पर उतारी गई हैं, डकैती और लूट की घटनाओं में कमी आई है और देश की सीमाएं भी पहले से ज्यादा सुरक्षित हुई हैं। उन्होंने कहा कि यूपी विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और देशभक्ति की लौ फिर से प्रज्वलित हो चुकी है।
अगले साल होने वाले चुनावों का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि यह चुनाव विकास का चुनाव होगा। उन्होंने जनता से अपील की कि परिवारवादी पार्टियों से सावधान रहें, क्योंकि वे उत्तर प्रदेश का भला नहीं कर सकतीं। उन्होंने दावा किया कि केवल भाजपा ही भ्रष्टाचार को खत्म कर गरीबों के लिए योजनाएं लागू कर सकती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 20 घंटे बिजली दी जा रही है और आने वाले चुनाव में हर मतदाता जाति-पाति से ऊपर उठकर भाजपा के कमल को खिलाए।
