मकान मालिक समेत चार पर हत्या का आरोप, मौत से पहले का वीडियो भी आया सामने, पुलिस ने शुरू की जांच
बरेली : शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में कथित अवैध संबंधों के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। आरोप है कि पत्नी ने अपने कथित प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति को जबरन तेजाब पिला दिया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराए गए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतक इस्माईल बारादरी के चक महमूद का रहने वाला था और पत्नी गौसिया के साथ कांकर टोला में किराये के मकान में रहता था।
परिजनों का आरोप मकान मालिक से अवैध संबंध
इस घटना के बाद परिजनों का आरोप है कि गौसिया की मकान मालिक सलीम से नजदीकियां बढ़ गई थीं, जब इस्माईल को इसकी जानकारी हुई, तो उसने पत्नी का विरोध किया। आरोप है कि 27 जुलाई को उसने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसके बाद परिवार में विवाद बढ़ गया। परिजनों के मुताबिक विवाद के बाद इस्माईल ने पुराना मकान छोड़ दिया और दूसरे स्थान पर किराये से रहने लगा। इसके बावजूद पत्नी और सलीम का संपर्क बना रहा।इस्माईल लगातार इसका विरोध करता रहा।
घटना के बाद सामने आया वीडियो
इस घटना के बाद उसका एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह पत्नी से विवाद होने की बात कहता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने इस वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया है। परिजनों का आरोप है कि गुरुवार रात गौसिया ने अपने कथित प्रेमी सलीम तथा अंसार और इकरार के साथ मिलकर इस्माईल को पकड़ लिया और उसे जबरन तेजाब पिला दिया। आरोपियों ने उसकी हालत बिगड़ने पर उसे बारादरी स्थित एक अस्पताल में छोड़ दिया और फरार हो गए।
अस्पताल में छोड़कर फरार
सूचना मिलने पर परिजन उसे स्टेडियम रोड स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई ताजीम ने बारादरी थाने में पत्नी गौसिया, कांकर टोला निवासी सलीम पुत्र कुंदू, अंसार पुत्र इसरार और इकरार पुत्र इसरार के खिलाफ तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक की मां बरीश ने भी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बारादरी इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। मौत से पहले का वीडियो, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
