सीबीगंज के परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, करीब 25 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान
बरेली : शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र के परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार सुबह वाडीलाल आइसक्रीम कंपनी के एक गोदाम में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।जानकारी के अनुसार, वाडीलाल आइसक्रीम की फैक्ट्री परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित है। कंपनी ने औद्योगिक क्षेत्र के रोड नंबर एक पर एक गोदाम किराए पर ले रखा है। यहां आइसक्रीम के कोन समेत अन्य सामान रखा जाता था। बताया गया कि शनिवार सुबह करीब नौ बजे गोदाम में अचानक आग लग गई। शुरुआती जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
एक घंटे बाद आग पर पाया जा सका काबू

देखते ही देखते आग की लपटों ने गोदाम के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग लगने की सूचना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों के बीच अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। कंपनी के एचआर मैनेजर दिनेश सिंह के अनुसार, आग की घटना में करीब 25 लाख रुपये के सामान के नुकसान का अनुमान है। बताया जा रहा है कि गोदाम में आइसक्रीम के कोन समेत अन्य सामग्री रखी हुई थी। गनीमत रही कि फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया, वरना आग और भी बड़े क्षेत्र में फैल सकती थी और नुकसान कहीं ज्यादा हो सकता था।
फायर ब्रिगेड और कंपनी ने शुरू की जांच
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में भी वाडीलाल फैक्ट्री में आग लगने की घटना सामने आ चुकी है। एक बार फिर आग की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और आग लगने के कारणों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।
