बरेली: बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। बरेली के आईएमए हॉल में भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लों के समर्थन में शिक्षक सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जिलेभर से बड़ी संख्या में शिक्षकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने शिक्षकों से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की और इस दौरान राम मंदिर चंदा चोरी के कथित मामले को लेकर विपक्ष पर भी निशाना साधा।
भाजपा ने शिक्षकों से मांगा समर्थन

सम्मेलन में भाजपा नेताओं ने शिक्षक एमएलसी चुनाव को महत्वपूर्ण बताते हुए शिक्षकों से हरि सिंह ढिल्लों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की
वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षकों के हितों के लिए लगातार काम कर रही है और इसी भरोसे के साथ पार्टी चुनाव मैदान में उतरी है।
राम मंदिर चंदा मामले पर धर्मपाल सिंह का विपक्ष पर हमला

कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने अपने संबोधन में राम मंदिर चढ़ावा और दान से जुड़े कथित चोरी के मामले का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस मामले की जानकारी सबसे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को कैसे मिली, यह अपने आप में बड़ा प्रश्न है। मंत्री ने कहा कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए तथा जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।
महापौर और भाजपा नेताओं ने भी किया संबोधित
सम्मेलन में महापौर डॉ. उमेश गौतम, विधायक एमपी आर्य, विधायक राघवेंद्र शर्मा, विधायक डीसी वर्मा,बहोरन लाल मौर्य, पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, एमएलसी महाराज सिंह, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा और आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने शिक्षकों से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
हरि सिंह ढिल्लों बोले- शिक्षकों की आवाज़ को मिलेगा मजबूत मंच

भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लों ने सम्मेलन में उपस्थित शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि उन्हें शिक्षकों का आशीर्वाद मिला तो वे शिक्षक समुदाय की समस्याओं और मांगों को मजबूती के साथ सदन में उठाएंगे। सम्मेलन के अंत में भाजपा नेताओं और शिक्षकों ने हरि सिंह ढिल्लों को विजयी बनाने का संकल्प लिया।
