बरेली: शेरगढ़ थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद ने खूनी रूप ले लिया। ग्राम खजुआ जागीर में मामूली कहासुनी के बाद बड़े भाई ने अपने ही छोटे सगे भाई को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया। मगर, यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी है।
संपत्ति विवाद ने लिया खूनी मोड़, भाई ने भाई की ली जान
पुलिस के अनुसार, शेरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खजुआ जागीर निवासी गुड्डू उर्फ तौफीक का अपने छोटे भाई इसरार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि तौफीक ने तमंचे से इसरार के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही इसरार गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
पिता बोले- पहले ही अलग कर दिया था, फिर भी करता था झगड़ा
मृतक के पिता ने बताया कि आरोपी बेटे गुड्डू उर्फ तौफीक का चाल-चलन ठीक नहीं था। इसी कारण उसे पहले ही परिवार से अलग कर दिया गया था। इसके बावजूद वह अक्सर घर आकर गाली-गलौज और विवाद करता था। पिता के अनुसार, घटना वाली रात भी वह घर पहुंचा और झगड़ा शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसने मारपीट की और फिर तमंचा निकालकर इसरार के सीने में गोली मार दी। घायल बेटे को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, आरोपी की तलाश में पुलिस
मृतक की पत्नी फैजी की तहरीर पर शेरगढ़ थाने में आरोपी गुड्डू उर्फ तौफीक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
