पीलीभीत में मिनी इंडोर स्टेडियम का निर्माण करा रहे ठेकेदार को कम रेट में सीमेंट देने का दिया था भरोसा,रकम लेने के बाद आरोपी का फोन हुआ बंद
बरेली : यूपी के बरेली देहात के शीशगढ़ कस्बे में सीमेंट खरीदने के नाम पर एक ठेकेदार से 3 लाख 86 हजार 400 रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ठेकेदार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।कस्बे के मोहल्ला गढ़ी निवासी नजीर अहमद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी नजीर कॉन्ट्रैक्टर नाम से फर्म पंजीकृत है। फर्म के माध्यम से वह सरकारी विभागों में ठेके लेकर निर्माण कार्य कराते हैं। वर्तमान में पीलीभीत जनपद में मिनी इंडोर स्टेडियम का निर्माण कार्य चल रहा है।
खुद को श्री सीमेंट कंपनी का मैनेजर बताने का आरोप
पीड़ित के अनुसार उनके मोबाइल नंबर पर आकाश नाम के एक व्यक्ति का फोन आया।फोन करने वाले ने खुद को श्री सीमेंट कंपनी का मैनेजर बताया। आरोप है कि उसने अधिक मात्रा में सीमेंट खरीदने पर कम कीमत में सीमेंट उपलब्ध कराने की बात कही। ठेकेदार ने फोन करने वाले की बात पर विश्वास कर उसके बताए बैंक खाते में दो बार में कुल 3 लाख 86 हजार 400 रुपये जमा कर दिए। इसके बाद दो रैक सीमेंट का ऑर्डर किया गया।
सीमेंट नहीं पहुंचा तो हुआ ठगी का एहसास
शिकायत के मुताबिक तय समय पर जब सीमेंट नहीं पहुंचा तो नजीर अहमद ने फोन करने वाले से संपर्क करने का प्रयास किया। लेकिन उसका मोबाइल नंबर बंद मिला। कई प्रयासों के बाद भी संपर्क नहीं होने पर ठेकेदार को कथित ठगी का एहसास हुआ।इसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत शीशगढ़ पुलिस से की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और कथित तौर पर जिस खाते में रकम जमा की गई, उसकी जानकारी समेत अन्य बिंदुओं की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
