बहगुल नदी के बांध में 20 फीट का कटान, सड़क पर बह रहा पानी, ADM ने किया निरीक्षण
बरेली : यूपी के बरेली देहात में बढ़ते जलस्तर और नदियों के कटान ने पेयजल परियोजनाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। शेरगढ़ ब्लॉक के बैरमनगर में किच्छा नदी के तेज कटान की चपेट में जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन करीब 3.97 करोड़ रुपये की पानी की टंकी नदी में समा गई। वहीं, मीरगंज तहसील के ग्राम पहुंचा बुजुर्ग में ओवरहेड टैंक पर भी नदी के बढ़ते जलस्तर और कटान से संभावित खतरे को देखकर डीएम अविनाश सिंह ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
3.97 करोड़ की निर्माणाधीन टंकी नदी में समाई

शेरगढ़ के बैरमनगर में किच्छा नदी के तेज कटान से जल जीवन मिशन के तहत बन रही पानी की टंकी और उसके परिसर की चारदीवारी कटान की चपेट में आ गई। अधिकारियों के मुताबिक, टंकी की सुरक्षा के लिए बनाई गई चारदीवारी पहले ही नदी के कटाव में प्रभावित हो चुकी थी। स्थिति को देखते हुए सोलर पैनल, डीजी, स्काडा, जनरेटर समेत अन्य सामान को सुरक्षित करा लिया गया। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है।
मीरगंज में दूसरी पानी की टंकी का डीएम ने किया निरीक्षण
बढ़ते जलस्तर और नदी के कटान को देख डीएम अविनाश सिंह ने मीरगंज के ग्राम पहुंचा बुजुर्ग स्थित ओवरहेड टैंक का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने टैंक और आसपास की भूमि को कटान से संभावित खतरे का जायजा लिया और अधिकारियों को तत्काल आवश्यक सुरक्षात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कटान रोकने के लिए फ्लड फाइटिंग के निर्देश
डीएम ने संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, ओवरहेड टैंक की संरचनात्मक सुरक्षा की नियमित निगरानी करने और कटान रोकने के लिए आवश्यक फ्लड फाइटिंग एवं सुरक्षात्मक कार्य समयबद्ध तरीके से कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि पेयजल आपूर्ति प्रभावित न हो। निरीक्षण के दौरान सीडीओ देवयानी, एसडीएम मीरगंज निधि शुक्ला, सीओ मीरगंज अजय कुमार, अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) आकांक्षा सिंह, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड नीरज कुमार लांबा समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बहगुल नदी के बांध में 20 फीट का कटान, सड़क पर बह रहा पानी

बरेली देहात के फरीदपुर तहसील के ग्राम सैदापुर, इलाका बुधौली में बहगुल नदी पर बने बांध में करीब 20 फीट कटान हो गया। इससे नदी का पानी सड़क पर बहने लगा और मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। एडीएम-ई पूर्णिमा सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सतत निगरानी रखने तथा जनसुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए।पुलिस ने मार्ग पर बैरीकेडिंग कर आवागमन प्रतिबंधित कर दिया है। ग्रामीणों से जलभराव वाले क्षेत्र में अनावश्यक रूप से न जाने और सतर्क रहने की अपील की गई है।
