बरेली : शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र के मथुरापुर में बुधवार को पेट्रोल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। टैंकर के पलटने के बाद पेट्रोल का रिसाव शुरू हो गया। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। पेट्रोल के रिसाव के चलते आग लगने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एहतियाती कदम उठाए और रामपुर रोड पर दोनों तरफ का यातायात रोक दिया। सूचना मिलते ही सीबीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई।आग के संभावित खतरे को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। बाद में क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा कराया गया।
ऑटो को बचाने के चक्कर में बिगड़ा संतुलन
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार टैंकर आंवला डिपो से पेट्रोल भरकर रामपुर की ओर जा रहा था। मथुरापुर के पास चालक ने आगे चल रहे ऑटो को बचाने के लिए टैंकर को साइड में किया। इसी दौरान टैंकर का एक पहिया सड़क किनारे खाई में चला गया।टैंकर में पेट्रोल भरा होने के कारण उसका वजन काफी अधिक था। ऐसे में चालक वाहन को संभाल नहीं सका और टैंकर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया।
पेट्रोल रिसाव से बढ़ा आग का खतरा
टैंकर के पलटने के बाद उससे पेट्रोल का रिसाव होने लगा।पेट्रोल सड़क के आसपास फैलता देखकर स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। मौके पर आग लगने का खतरा देखते हुए पुलिस ने लोगों को घटनास्थल से दूर रखा। एहतियात के तौर पर रामपुर रोड पर दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही भी रोक दी गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मोर्चा संभाला।
क्रेन की मदद से सीधा कराया टैंकर
फायर ब्रिगेड की मौजूदगी में सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए गए। इसके बाद क्रेन की मदद से पलटे हुए पेट्रोल टैंकर को सीधा कराया गया। पुलिस ने चालक और टैंकर से संबंधित जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ऑटो को बचाने के दौरान टैंकर का संतुलन बिगड़ना सामने आया है। घटना में किसी बड़े नुकसान या आग लगने की सूचना नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
