बरेली : यूपी के बरेली देहात के शेरगढ़ थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 1 दिसंबर को शाही थाना क्षेत्र के कस्बा शाही निवासी सर्राफ सुभाष रस्तोगी से साप्ताहिक बाजार बंद कर घर लौटते समय तीन बाइक सवार बदमाशों ने हमला कर दिया था। जिया नगला गांव के पास बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मारकर मारपीट की और चांदी-सोने के जेवर, 27 हजार रुपये नकद और दुकान की चाबियां लूट ली थीं। इस मामले में थाना शेरगढ़ में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम रम्पुरा रोड पर कुछ बदमाश संदिग्ध हालत में मोटरसाइकिल से घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना शेरगढ़ की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम रम्पुरा के जंगल में नहर पटरी के पास घेराबंदी की।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल
खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे घायल हो गए। इस मुठभेड़ में पुलिस कांस्टेबल अंकित कुमार भी घायल हो गए।
दो बदमाश गिरफ्तार, हथियार बरामद
घायल बदमाशों की पहचान गिरीशपाल उर्फ गुड्डू निवासी ग्राम जंगबाजपुर थाना सिरौली और लालता प्रसाद उर्फ नन्हकू निवासी ग्राम दुनका थाना शाही के रूप में हुई है। दोनों के पास से एक-एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो-दो जिंदा कारतूस और मौके से दो खोखा कारतूस बरामद किए गए।
अस्पताल में भर्ती, नया मुकदमा दर्ज
घायल बदमाशों और घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए सीएचसी शेरगढ़ भेजा गया। थाना शेरगढ़ में दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में नया मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में लूट की घटनाओं का खुलासा
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने थाना शेरगढ़ क्षेत्र के ग्राम कुड़का के पास हुई लूट की घटना के साथ-साथ थाना मीरगंज क्षेत्र के ग्राम हुरहुरी में हुई वारदात को भी अंजाम देना स्वीकार किया है।
