50 लाख रुपये की मादक पदार्थ की खेप बरामद,झारखंड से पंजाब ले जाया जा रहा था डोडा पोस्त
बरेली : मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) बरेली यूनिट और फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 320 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा एक ट्रक, चार स्मार्टफोन और 2,590 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
रहपुरा अंडरपास पर घेराबंदी कर पकड़ा ट्रक
पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर प्रदेशभर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएनटीएफ बरेली यूनिट और थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस की संयुक्त टीम ने रहपुरा अंडरपास सर्विस रोड पर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान एक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में डोडा पोस्त छिपाकर रखा गया था। तलाशी के दौरान ट्रक से कुल 320 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
झारखंड से खरीदकर पंजाब में करते थे सप्लाई
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशारतगंज निवासी पुष्पेन्द्र साहू तथा ग्राम चुरई दलपतपुर, थाना मीरगंज निवासी प्रेम प्रकाश के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे झारखंड के लातेहार क्षेत्र से डोडा पोस्त खरीदकर पंजाब में ऊंचे दामों पर सप्लाई करने का काम करते थे। तस्करी का यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था। इस बार भी दोनों आरोपी बड़ी खेप लेकर पंजाब जा रहे थे, लेकिन फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता के चलते पकड़े गए।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना फतेहगंज पश्चिमी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में एएनटीएफ बरेली यूनिट के प्रभारी उपनिरीक्षक विकास यादव, कांस्टेबल सौरभ चौधरी, अंकित यादव, कुश कुमार, रविन्द्र चौधरी समेत थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
