बरेली : मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), बरेली के निर्देश पर टिटनेस-डिप्थीरिया (TD) वैक्सीनेशन अभियान के तहत एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज, बरेली में विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया। यह अभियान 7, 8, 11 और 12 मई 2026 को उन छात्रों के लिए चलाया गया, जो पहले टीकाकरण से वंचित रह गए थे। शिविर में बड़ी संख्या में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर टीडी वैक्सीन लगवाई।कॉलेज परिसर में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में जिला अस्पताल की टीम ने छात्रों का टीकाकरण किया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से छात्रों को टिटनेस और डिप्थीरिया जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक भी किया गया।
हर 10 साल में जरूरी है TD वैक्सीन

कॉलेज के प्रधानाचार्य तौकीर सिद्दीकी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि टीडी वैक्सीन टिटनेस (धनुस्तंभ) और डिप्थीरिया जैसी खतरनाक बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि टिटनेस एक गंभीर संक्रमण है, जिसमें शरीर की मांसपेशियों में अकड़न और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं हो सकती हैं। समय पर टीकाकरण इन बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
छात्रों को दी गई स्वास्थ्य सुरक्षा की जानकारी
कार्यक्रम के नोडल प्रभारी डॉ. मेहंदी हसन ने जानकारी देते हुए बताया कि यह टीका सामान्यतः 7 वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों और वयस्कों को हर 10 वर्ष में बूस्टर डोज के रूप में लगाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह इंजेक्शन मांसपेशियों में दिया जाता है और बच्चों में गले की झिल्ली बनने तथा सांस संबंधी गंभीर समस्याओं को रोकने में मददगार साबित होता है।
टीकाकरण अभियान के दौरान जिला अस्पताल की टीम से संतोष कुमारी, गुलशन निगार और नीतू अग्रवाल मौजूद रहीं। वहीं कैंप को सफल बनाने में आकिल यार खान, नदीम, उज़्ज़फ़र हसन, दानिश, मुताहिर अली सहित कॉलेज स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
टिटनेस-डिप्थीरिया से बचाव को लेकर जागरूकता
कॉलेज प्रशासन ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों का समय-समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि गंभीर संक्रामक बीमारियों से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।
