बरेली : यूपी सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बरेली में करीब 24.30 करोड़ रुपये की 14 पर्यटन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि बरेली को “नाथ नगरी” के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। इसके तहत नाथ कॉरिडोर परियोजना पर विशेष फोकस किया गया है, जिसके माध्यम से शहर के सात प्रमुख नाथ मंदिरों को आपस में जोड़ा जाएगा। पर्यटन मंत्री ने बताया कि बरेली में कुल लगभग 98 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। इनमें से 61 करोड़ रुपये पर्यटन विभाग की ओर से खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नाथ कॉरिडोर बनने के बाद बरेली की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी और यहां पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
अब यूपी विकास और संस्कृति दोनों में आगे

इस दौरान मंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारों ने भारतीय संस्कृति और धार्मिक स्थलों के विकास पर ध्यान नहीं दिया।भाजपा सरकार भारतीय संस्कृति, धार्मिक विरासत और पर्यटन स्थलों को विकसित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब कानून व्यवस्था बेहतर हुई है और उत्तर प्रदेश विकास के मामले में कई राज्यों से आगे निकल चुका है।
प्रयागराज के बाद सबसे अधिक बरेली में विकास कार्य

कार्यक्रम में मौजूद डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि अयोध्या, काशी और प्रयागराज के बाद सबसे अधिक पर्यटन विकास के कार्य बरेली में किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अब तक करीब 100 करोड़ रुपये के विकास कार्य हो चुके हैं और शहर के कई प्रमुख मंदिरों को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहे। मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
