दिशा पाटनी केस में एनकाउंटर के बाद बढ़ा तनाव, बोले दोनों शहीद
बरेली/गाज़ियाबाद/लखनऊ : बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर हुई फायरिंग केस में बुधवार शाम बड़ा अपडेट आया। यूपी एसटीएफ और दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने गाज़ियाबाद के ट्रॉनिका सिटी में एनकाउंटर कर दो शूटर्स को मार गिराया। दोनों पेशेवर शूटर थे और उन पर एक-एक लाख का इनाम था। वहीं, दो अन्य आरोपी नकुल और विजय, अभी भी फरार हैं। मगर, एनकाउंटर के कुछ घंटे बाद गैंगस्टर रोहित गोदारा ने फेसबुक पर एक धमकी भरी पोस्ट लिखी। उसने मारे गए दोनों शूटरों को “शहीद” बताया और साफ कहा कि- “वक्त लग सकता है, लेकिन माफी नहीं होगी।”
रोहित गोदारा की धमकी भरी पोस्ट
गोदारा ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा “आज जो एनकाउंटर हुआ, वह हमारे लिए बहुत बड़ी क्षति है। न्यूज़ चैनल्स इसे ‘ढेर’ बता रहे हैं, लेकिन वे ढेर नहीं, शहीद हुए हैं।”“उन्होंने सनातन धर्म के लिए बलिदान दिया है। यह एनकाउंटर नहीं, सनातन की हार है।”“अगर हम धर्म के लिए लड़ सकते हैं, तो अपने शहीद भाइयों के लिए भी वह कर सकते हैं, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। समय लग सकता है, लेकिन माफी नहीं होगी।”इस पोस्ट के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। आईटी सेल पोस्ट की सच्चाई और लोकेशन की जांच कर रही है।
12 सितंबर को दिशा पाटनी के घर फायरिंग
12 सितंबर की सुबह करीब 3:30 बजे बरेली के सिविल लाइन इलाके में दिशा पाटनी के घर के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने 9 राउंड फायरिंग की थी। आगे बैठे बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जिम्मेदारी गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा ग्रुप ने सोशल मीडिया पर ली थी। पोस्ट में दावा किया गया था कि फायरिंग स्वामी अनिरुद्धाचार्य और स्वामी प्रेमानंद पर टिप्पणी से नाराज़ होकर की गई। इसके साथ ही चेतावनी दी गई थी कि अगली बार “जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा।”
पुलिस ने की एनकाउंटर की कार्रवाई
फरार शूटर्स की तलाश में पुलिस और एसटीएफ ने ट्रॉनिका सिटी (गाज़ियाबाद) में घेराबंदी की। बुधवार शाम हुई मुठभेड़ में बदमाशों ने पुलिस पर आधुनिक हथियारों से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों शूटर ढेर हो गए। पुलिस ने मौके से हथियार, कारतूस और गैंग के नेटवर्क से जुड़े अहम दस्तावेज़ बरामद किए।
दिशा पाटनी के पिता ने सीएम को कहा धन्यवाद
दिशा पाटनी के पिता जगदीश पाटनी ने कहा “सरकार और प्रशासन हमारे साथ खड़े हैं। दो बदमाशों को अंजाम तक पहुंचा दिया गया है। बाकी बचे आरोपियों को भी जल्द पकड़ा जाएगा।”उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डीजीपी ने परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिया है।
