बरेली : शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र स्थित IVRI पुल पर सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डेलापीर की ओर जा रही एक महिंद्रा कार में अचानक भीषण आग लग गई। चलती कार से पहले धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया। ड्राइवर ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
पल भर में कार के अगले हिस्से को आग ने लिया चपेट में
घटना सोमवार दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार जैसे ही कार IVRI पुल पर पहुंची, उसके बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। ड्राइवर कुछ समझ पाता उससे पहले ही इंजन में आग लग गई।देखते ही देखते कार के अगले हिस्से से तेज लपटें उठने लगीं। सड़क पर गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने भी अपने वाहन रोक दिए। कुछ ही सेकंड में आग ने कार के बोनट और आगे के हिस्से को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल और पुलिस टीम
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इस दौरान सुरक्षा कारणों से पुल पर ट्रैफिक रोकना पड़ा। इज्जतनगर पुलिस भी मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर हालात को नियंत्रित किया। आग और राहत कार्य के चलते करीब 20 मिनट तक पुल पर जाम जैसे हालात बने रहे।
शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका
दमकल विभाग की शुरुआती जांच में कार में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि पुलिस और फायर विभाग पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं। कार मालिक से भी पूछताछ की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर ड्राइवर कुछ सेकंड और देरी करता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। आग फ्यूल टैंक तक पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था। ड्राइवर की सतर्कता और सूझबूझ ने एक बड़ी घटना को टाल दिया।
