बरेली : लोक निर्माण विभाग में अवर अभियंताओं के खिलाफ की गई कार्रवाई से नाराज डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के बैनर तले बरेली, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर के सैकड़ों जूनियर इंजीनियर गुरुवार को धरने पर बैठ गए। कार्यालय परिसर में जुटे अभियंताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए विभागीय कार्रवाई को एकतरफा और पक्षपातपूर्ण बताया।
अगर न्याय नहीं मिला, तो पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन होगा : H.N. मिश्रा
सभा को संबोधित करते हुए महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष H.N. मिश्रा ने कहा कि देवदत्त पचौरी और आशीष यादव के खिलाफ की गई विभागीय कार्रवाई तथ्यहीन और पूर्वनियोजित है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द निष्पक्ष जांच और न्याय नहीं हुआ, तो पूरे प्रदेश के जूनियर इंजीनियर आंदोलन को और तेज करेंगे।
एफआईआर, स्थानांतरण और निलंबन की संस्तुति से बढ़ा विवाद
जिलाध्यक्ष पंकज पचौरी पर निलंबन की संस्तुति भेजी गई है। अवर अभियंता आशीष यादव का तबादला प्रस्तावित किया गया है। सहायक अभियंता कविता सिंह की एफआईआर ने मामले को और गंभीर बना दिया है। जांच समिति ने भी कार्रवाई की सिफारिश की है। महासंघ ने स्पष्ट आरोप लगाया कि यह पूरा घटनाक्रम सीनियर बनाम जूनियर अभियंताओं की पुरानी खींचतान का नतीजा है। लेकिन कार्रवाई सिर्फ जूनियर अभियंताओं पर केंद्रित है, जो सरासर अन्याय है।
प्रशासन हरकत में, मुख्य अभियंता से बैठक
प्रदर्शन को देखते हुए अपर नगर मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे, और प्रतिनिधिमंडल की मुख्य अभियंता से बैठक कराई गई। लेकिन अभियंताओं ने चेतावनी दी है कि अगर कोई संतोषजनक समाधान नहीं निकला तो अगला कदम राज्यव्यापी हड़ताल हो सकता है।
