बरेली : यूपी के बरेली शहर के कैंट थाना क्षेत्र में किरायेदार सत्यापन को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। नगर पंचायत ठिरिया निजामत खां नई बस्ती में बिना पुलिस सत्यापन कराए किरायेदार रखने पर मकान मालिक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। पुलिस ने किराये के मकान में रह रहे एक वांछित आरोपी को तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और गोकशी समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
तमंचे के साथ पकड़ा वांछित आरोपी
कैंट थाना प्रभारी संजय धीर ने “The justice Hindi” को बताया कि वार्ड संख्या-8, ठिरिया निजामत खां निवासी राजू उर्फ मोहम्मद हनीफ ने करीब चार माह पहले शकील उर्फ भूरे नामक व्यक्ति को अपना मकान किराये पर दिया था।पुलिस जांच में सामने आया कि मकान मालिक ने किरायेदार का पुलिस सत्यापन नहीं कराया था, जबकि अनाउसमेंट के साथ ही किरायेदार सत्यापन को फॉर्म भी बांटे गए थे। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किया गया शकील उर्फ भूरे कैंट क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर और नामजद अपराधी है। उसके खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम और गोकशी के कई मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस ने आरोपी को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है।
किरायेदार सख्ती को लेकर बरेली में पहला मामला
इंस्पेक्टर संजय सिंह धीर ने बताया कि किरायेदार सत्यापन न कराने की वजह से मकान मालिक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसकी धाराएं तलाश कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी व्यक्ति को मकान किराये पर देने से पहले उसका पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं, ताकि क्षेत्र में अपराधियों की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
