खुले में न करें कुर्बानी, सोशल मीडिया पर न हो वीडियो वायरल
बरेली : यूपी के बरेली में ईद-उल-जुहा (बकरीद) को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने को लेकर विकास भवन सभागार में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ पीस कमेटी के सदस्य एवं शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे। बैठक में कानून व्यवस्था, साफ-सफाई, बिजली -पानी की व्यवस्था और कुर्बानी के अवशेषों के निस्तारण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने साफ कहा कि खुले में कुर्बानी और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

खुले में कुर्बानी नहीं, वीडियो वायरल करने से भी बचें
डीएम अविनाश सिंह ने निर्देश दिए कि कुर्बानी पूरी तरह निर्धारित स्थानों पर ही की जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को समझाया जाए कि कुर्बानी की वीडियो न बनाएं, और न ही सोशल मीडिया पर वायरल करें। क्योंकि, इससे माहौल खराब हो सकता है। डीएम ने संबंधित नगर निकायों, नगर निगम और ग्राम पंचायत अधिकारियों को साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुर्बानी के अवशेषों को ढककर ले जाया जाए, और पहले से गहरे गड्ढे खोदकर उनमें नमक और ब्लीचिंग पाउडर डालकर वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाए, ताकि पशु-पक्षी अवशेषों को इधर-उधर न फैला सकें।
बिजली-पानी की निर्बाध आपूर्ति के निर्देश
पीस कमेटी के सदस्यों ने बैठक में बिजली और पानी की पर्याप्त व्यवस्था की मांग उठाई। इस पर प्रशासन ने त्योहार के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ओवरहेड टैंकों को पहले से भरवाने और खराब हैंडपंपों को दुरुस्त कराने को कहा गया।
तहसील स्तर पर बनेंगे कंट्रोल रूम
त्योहार के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त को अतिरिक्त सफाई टीम तैयार रखने को कहा गया, ताकि शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जा सके।
गैर परंपरागत आयोजन की अनुमति नहीं
एसएसपी अनुराग आर्य ने स्पष्ट किया कि केवल पारंपरिक आयोजनों की ही अनुमति दी जाएगी। किसी भी नए या गैर परंपरागत आयोजन की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि यदि कहीं प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी की आशंका हो तो इसकी गोपनीय सूचना प्रशासन को दी जा सकती है। एसएसपी ने यह भी निर्देश दिए कि बिना अनुमति कोई जुलूस या सार्वजनिक आयोजन न किया जाए। इसके साथ ही छतों पर पड़े ईंट-पत्थरों को पहले से हटाने और संवेदनशील स्थानों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

बारिश को लेकर भी प्रशासन सतर्क
मौसम को देखते हुए प्रशासन ने ईदगाह और नमाज स्थलों पर जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि बारिश की स्थिति में पानी निकासी की पर्याप्त व्यवस्था पहले से सुनिश्चित कर ली जाए।
गांधी उद्यान समेत सार्वजनिक स्थलों पर रहेगी नजर
एसएसपी अनुराग आर्य ने चेतावनी दी कि त्योहार के बाद सार्वजनिक स्थलों पर अभद्रता या अनुचित व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि गांधी उद्यान समेत अन्य पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। मर्यादा भंग करने वालों पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
समस्या होने पर यहां करें संपर्क
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद, अफवाह या समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 या पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 0581-2990450 पर सूचना दें। बैठक में एडीएम-ई पूर्णिमा सिंह, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान सहित सभी उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी और पीस कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
