बरेली : यूपी के बरेली में बढ़ते संगठित अपराध पर शिकंजा कसते हुए बरेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने लूट, छिनैती,चोरी, हत्या,गौकशी और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल 8 सक्रिय आपराधिक गिरोहों को चिह्नित कर उनके खिलाफ गैंग पंजीकृत किए हैं। इन गैंगों में कुल 29 अपराधी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ जल्द ही गैंगस्टर एक्ट के तहत भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
8 गैंग के खिलाफ एक साथ बड़ी कार्रवाई
बरेली पुलिस ने थाना किला, अलीगंज,हाफिजगंज, मीरगंज, इज्जतनगर, क्योलड़िया और बारादरी से मिली रिपोर्ट के आधार पर पता चला कि कई अपराधी गिरोह बनाकर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ये गैंग आर्थिक लाभ कमाने के लिए लूटपाट, छिनैती, चोरी, हत्या, गौकशी और नशीले पदार्थों की तस्करी जैसे अपराधों में सक्रिय थे। इसके बाद पुलिस ने डी-298/26 से डी -305/26 तक कुल 8 गैंगों का आधिकारिक पंजीकरण कर दिया।
लूट और छिनैती करने वाले कई गिरोह पुलिस के रडार पर
पंजीकृत गैंग में किला थाना क्षेत्र का आसिफ गैंग, मीरगंज का सुहेल गैंग, इज्जतनगर का मनोज पटेल गैंग और हाफिजगंज का प्रमोद उर्फ पकौड़ी गैंग मुख्य रूप से लूटपाट और छिनैती की घटनाओं में शामिल बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार ये गिरोह अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय होकर राहगीरों और आम लोगों को निशाना बनाते थे।इन गैंगों में कई सदस्य शामिल हैं जो लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय बताए जा रहे हैं।
नशा तस्करी और गौकशी से जुड़े गिरोह भी आए सामने
अलीगंज थाना क्षेत्र के नेक्सू उर्फ पूरनलाल के नेतृत्व में चल रहे गैंग को मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय पाया गया है। वहीं, क्योलड़िया क्षेत्र के मुस्तकीम गैंग पर गौकशी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल होने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि इन गिरोहों की गतिविधियां समाज और कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन रही थीं। इसलिए इनके खिलाफ संगठित अपराध के तहत कार्रवाई शुरू की गई है।
हत्या, चोरी और अन्य संगठित अपराधों पर भी कसा शिकंजा
देहात के हाफिजगंज क्षेत्र के बाबूराम निराला गैंग पर चोरी और लूट की घटनाओं में शामिल होने के आरोप हैं, जबकि बारादरी में पंजीकृत विमल गैंग पर हत्या और लूट जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त होने का आरोप है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गैंग पंजीकरण के बाद अब सभी सदस्यों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी और उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 के तहत कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा: पुलिस
बरेली पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। संगठित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लगातार ऐसे गिरोहों की पहचान कर रही है और भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि जिले में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
