पंचायत चुनाव की पुरानी दुश्मनी ने लिया खूनी रूप, अवैध असलहों से हमला, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
बरेली : पंचायत चुनाव की रंजिश ने बुधवार देर रात बिथरी थाना क्षेत्र के गांव पुरनापुर में गंभीर रूप ले लिया। मौजूदा प्रधान प्रभा पटेल और पूर्व प्रधान धनपाल पटेल के समर्थकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडों और अवैध हथियारों से लैस होकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। ताबड़तोड़ फायरिंग और मारपीट में पूर्व प्रधान धनपाल पटेल, देवेंद्र पटेल उर्फ गुड्डू और जसवंत सिंह राना सहित कई लोग घायल हो गए।
जानें कैसे हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, देर रात मौजूदा प्रधान प्रभा पटेल का पति संजीव पटेल अपने साथियों के साथ गांव में पहुँचा। आरोप है कि वह अवैध हथियारों से लैस होकर पूर्व प्रधान के पक्ष पर हमला कर बैठा। फायरिंग की आवाज़ों से पूरा गांव दहल उठा और लोग अपने घरों में दुबक गए। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही हमलावर फरार हो गए।
पूर्व प्रधान की हालत गंभीर
पूर्व प्रधान धनपाल पटेल को गंभीर चोटें आईं, और उन्हें मिनी बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। परिवार ने आरोप लगाया है कि संजीव पटेल पहले भी चुनावी विवाद में हमले कर चुका है और उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
गांव में फैली दहशत
फायरिंग की आवाज़ से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत चुनाव में जीत हासिल करने की होड़ में दोनों पक्ष हिंसा पर उतर आए हैं। माहौल लगातार तनावपूर्ण होता जा रहा है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
यह की पुलिस ने कार्रवाई
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा और मामला दर्ज कर संजीव पटेल व उसके साथियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
