बरेली : मीरगंज से भाजपा विधायक डॉ. डीसी वर्मा के भतीजे अंकित वर्मा के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। अंकित वर्मा नैनीताल रोड स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज में एम फार्मा का छात्र है। वह गुरुवार शाम को कॉलेज से मंदिर जाने को निकला था। इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। परिवार ने भोजीपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। मामले के सामने आने के बाद पुलिस छात्र की तलाश में जुट गई है। विधायक डॉ. डीसी वर्मा के साथ ही उनके परिवार के तमाम लोग तलाश में जुटे हैं। किसी को भी दिखाई दें, तो तुरंत भोजीपुरा थाना प्रभारी के सीयूजी नंबर 9454403083, एवं परिजनों के मोबाइल नंबर 9559242977, 9412345044 और “The Justice Hindi” के नंबर 7017081390 पर सूचना दे सकते हैं।
कॉलेज से निकलने के बाद अचानक गायब हुए अंकित
जानकारी के अनुसार, पीलीभीत के बीसलपुर क्षेत्र के अमखिरिया गांव निवासी राम प्रकाश वर्मा ने भोजीपुरा थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनका 24 वर्षीय बेटा अंकित वर्मा राममूर्ति कॉलेज में एम फार्मा की पढ़ाई कर रहा है। 7 मई की शाम करीब 6 बजे वह कॉलेज से निकला था। परिजनों के मुताबिक अंकित मंदिर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। परिवार ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका। परिजनों का कहना है कि अंकित का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। जिससे परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
विधायक परिवार से जुड़ा होने पर बढ़ी हलचल
अंकित वर्मा के अचानक लापता होने से परिवार में बेचैनी और डर का माहौल है। वहीं मामला विधायक परिवार से जुड़ा होने के कारण राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल बढ़ गई है। परिवार लगातार सोशल मीडिया और फोन के माध्यम से लोगों से मदद की अपील कर रहा है। परिवार ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को अंकित वर्मा के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या परिवार को सूचना दें।
गुमशुदगी दर्ज, सीसीटीवी और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
भोजीपुरा थाना पुलिस ने पिता राम प्रकाश वर्मा की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच उपनिरीक्षक सुशील कुमार को सौंपी गई है। पुलिस टीम कॉलेज परिसर के सीसीटीवी कैमरे, छात्र के संपर्क और अन्य संभावित स्थानों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि छात्र की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं परिवार लगातार बेटे की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है।
