बरेली : शहर के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों बाइक सवार आमने-सामने टकरा गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, और दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया। यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे ने ग्रामीणों को झकझोर दिया है। क्योंकि, दोनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
जानें कैसे हुआ हादसा?
भगवतीपुर गांव निवासी 30 वर्षीय अमित गांव में किराना दुकान चलाते थे। वह सहकारी समिति से खाद लेने बाइक से निकले थे, जैसे ही वे भगवतीपुर मंदिर के पास पहुंचे, सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक सीधे उनकी बाइक से भिड़ गई। दूसरी बाइक पर नवाबगंज थाना क्षेत्र के अलहिया गांव निवासी 30 वर्षीय देवेश कुमार सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा-“दोनों ने हेलमेट नहीं पहना
घटना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं, क्योंकि किसी ने भी हेलमेट नहीं लगाया था। हेलमेट न होने की वजह से हादसे का असर और भी घातक हो गया। बिथरी चैनपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हादसे का पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
स्थानीय लोगों में शोक की लहर
अमित और देवेश, दोनों ही 30 वर्ष के थे। दोनों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में माहौल गमगीन है। लोग कह रहे हैं कि “अगर हेलमेट लगाया होता, शायद जान बच जाती।”
