बरेली : जिला अस्पताल में तैनात वार्ड बॉय प्रदीप कुमार की आत्महत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में नामजद अभियुक्त सुधीर कुमार उर्फ चूचू को थाना कोतवाली पुलिस ने कानपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने ठिकाने बदल रहा था। मृतक के पास से मिले सुसाइड नोट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप
पुलिस के मुताबिक 15 मई को जिला चिकित्सालय बरेली में कार्यरत वार्ड बॉय प्रदीप कुमार ने ड्यूटी के दौरान आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। जिसमें सुधीर कुमार उर्फ चूचू पर मृतक को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, लगातार धमकाने और करीब 10 वर्ष पहले दिए गए पैसों के बदले लगभग 30 लाख रुपये की अवैध वसूली करने का दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। इसी आधार पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में मुकदमा दर्ज किया।
बेटी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
मृतक की बेटी की शिकायत पर थाना कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। पुलिस जांच में आरोपी का नाम सामने आने के बाद उसकी तलाश शुरू कर दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
कानपुर के होटल में छिपा था आरोपी
बरेली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के दौरान तकनीकी और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी की लोकेशन कानपुर में मिली। जांच में पता चला कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह कानपुर रेलवे स्टेशन के आसपास क्षेत्र में स्थित होटल “My Choice” में छिपकर रह रहा था। इसके बाद थाना कोतवाली पुलिस टीम ने दबिश देकर 12 जून को आरोपी को होटल से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी से बचने के लिए बदल रहा था ठिकाने
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और कानपुर में छिपा हुआ था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से ही न्यायालय द्वारा गैर जमानती वारंट (NBW) जारी किया जा चुका था। बरेली पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
