बरेली : सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित बरेली दौरे से पहले शासन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल कर बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) के उपाध्यक्ष पद पर नई नियुक्ति की है। शासन के आदेश के अनुसार आईएएस अधिकारी सौम्या पांडेय को बीडीए का नया उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं वर्तमान उपाध्यक्ष डॉ. ए. मनिकंडन को पद से हटाकर प्रतीक्षारत कर दिया गया है। सौम्या पांडेय के पास संभागीय खाद्य नियंत्रक (आरएफसी) का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। आमतौर पर यह जिम्मेदारी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के पास ही रहती है।
मनिकंडन के कार्यकाल में कई बड़े प्रोजेक्ट हुए शुरू
डॉ. ए. मनिकंडन के कार्यकाल में बीडीए ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति दी। शहर को अधिक व्यवस्थित, आकर्षक और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए रामायण वाटिका, सेंट्रल पार्क और रुद्र वनम जैसी परियोजनाएं शुरू की गईं। इन योजनाओं को शहर के सौंदर्यीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया। इसके अलावा रामगंगा नगर परियोजना को आगे बढ़ाने और शहरी विकास योजनाओं को गति देने में भी उनकी अहम भूमिका रही।
ग्रेटर बरेली योजना को मिली रफ्तार
बीडीए की महत्वाकांक्षी ग्रेटर बरेली आवास योजना को भी डॉ. मनिकंडन के कार्यकाल में गति मिली। लगभग 224 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित हो रही इस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया और किसानों को करीब 200 करोड़ रुपये का मुआवजा वितरित किया गया।इसके साथ ही रहपुरा क्षेत्र में प्रस्तावित औद्योगिक टाउनशिप को लेकर भी महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम उठाए गए।
23 साल की उम्र में यूपीएससी में हासिल की थी चौथी रैंक
नई वीसी सौम्या पांडेय मूल रूप से प्रयागराज की रहने वाली हैं और वर्ष 2017 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। वर्तमान में वह कानपुर में अतिरिक्त श्रम आयुक्त एवं ईएसआईएस निदेशक के पद पर कार्यरत थीं। सौम्या पांडेय ने महज 23 वर्ष की उम्र में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में ऑल इंडिया चौथी रैंक हासिल कर चर्चा बटोरी थी। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें बेस्ट ऑफिसर, बेस्ट प्रेजेंटेशन और सर्वाधिक केस स्टडी जैसे कई सम्मान भी मिले।
कोविड काल में मिला था बेस्ट डीएम अवार्ड
अपने प्रशासनिक कार्यों और जमीनी कार्यशैली के लिए पहचान रखने वाली सौम्या पांडेय को वर्ष 2020 में कोविड प्रबंधन के दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए बेस्ट डीएम अवार्ड भी मिल चुका है। उनकी गिनती प्रदेश की सक्रिय और परिणामोन्मुखी अधिकारियों में की जाती है
विकास परियोजनाओं पर रहेंगी निगाहें
बरेली विकास प्राधिकरण की कमान संभालने के बाद अब शहर की महत्वाकांक्षी ग्रेटर बरेली योजना, रामगंगा नगर परियोजना, आवासीय योजनाओं और सौंदर्यीकरण परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सौम्या पांडेय के कंधों पर होगी। ऐसे में शहर के विकास कार्यों की दिशा और गति पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।
