बरेली : जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में स्मैक और चरस बरामद की है। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और बाइक भी जब्त की गई है।
मीरगंज में 518 ग्राम स्मैक के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

थाना मीरगंज पुलिस ने चेकिंग के दौरान सूचना पर मीरगंज फ्लाईओवर के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में प्रेमपाल और छंगा खां शामिल हैं। दोनों के पास से कुल 518 ग्राम अवैध स्मैक, 2 मोबाइल फोन और 1 बाइक बरामद की गई।
NDPS एक्ट में केस दर्ज, कोर्ट में पेशी
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा, ट्रक ड्राइवरों से लेते थे स्मैक
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ट्रक ड्राइवरों से स्मैक लेकर उसे आगे बेचते थे। इस धंधे से उन्हें अच्छा मुनाफा होता था, जिससे उनका खर्च चलता था। दोनों आरोपियों पर पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अलीगंज में 120 ग्राम चरस के साथ एक और आरोपी गिरफ्तार
वहीं थाना अलीगंज पुलिस ने सूचना पर जोगनी माता रोड के पास से नाहिद अली को 120 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर उसे भी न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
