मोबाइल से पासवर्ड हासिल कर अकाउंट किया कंट्रोल, ओटीपी लेकर की गई कथित साजिश, इज्जतनगर थाने में केस दर्ज
बरेली : शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपनी ही सौतेली बेटियों पर इंस्टाग्राम आईडी हैक करने और निजी फोटो-वीडियो से छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया है।पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल लेकर पासवर्ड हासिल करने का आरोप
कर्मचारी नगर निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी अमरीश नामक व्यक्ति से हुई है। अमरीश की पहली पत्नी का निधन हो चुका है और उसकी तीन बेटियां हैं। महिला का आरोप है कि उसकी दो सौतेली बेटियां अक्सर बहाने से उसका मोबाइल फोन लेती थीं और इसी दौरान उन्होंने इंस्टाग्राम का पासवर्ड हासिल कर लिया। इसके बाद उन्होंने उसकी आईडी को हैक कर लिया।
फोटो-वीडियो से छेड़छाड़, ओटीपी भी मांगा गया
पीड़िता के अनुसार, आईडी हैक करने के बाद बेटियों ने कई फोटो बदल दिए। निजी वीडियो के साथ छेड़छाड़ की। इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजकर ‘ऑल इंडिया बार परीक्षा’ के नाम पर ओटीपी भी हासिल करने की कोशिश की। इस पूरी घटना से महिला को मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है।
एसएसपी के आदेश पर केस दर्ज
महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने मीडिया को बताया कि मामला साइबर अपराध से जुड़ा है और तकनीकी जांच के जरिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आईडी किस डिवाइस से लॉगिन की गई। फोटो और वीडियो में किस तरह की छेड़छाड़ हुई। ओटीपी और मैसेज किस माध्यम से भेजे गए।
