बरेली : बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) की प्रवर्तन टीम ने सोमवार को थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र के ग्राम सैदपुर खजुरिया और उमरिया में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 6 कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया।
सैदपुर खजुरिया में कार्रवाई
प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार सैदपुर खजुरिया में आरिफ गाजी और जीशान ने करीब 7000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बिना स्वीकृति प्लॉटिंग और साइट ऑफिस का निर्माण किया था। तौफीक खां ने 5000 वर्गमीटर और बंटी खां ने 3000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध विकास कार्य शुरू किया था।
उमरिया में कार्रवाई
इसी तरह उमरिया में जहीर, आसिम और नसीम ने 5000 वर्गमीटर क्षेत्र में अवैध कॉलोनी विकसित की थी। वहीं वाहिद खां और उवैस खां ने 1500-1500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बिना मानचित्र स्वीकृति कॉलोनी का निर्माण कराया था।
अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई
संयुक्त सचिव दीपक कुमार के नेतृत्व में अवर अभियंता सीताराम, सहायक अभियंता मनोज कुमार सिंह और प्रवर्तन टीम की मौजूदगी में यह ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया।
बीडीए की चेतावनी
बीडीए ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 के तहत बिना मानचित्र स्वीकृति किसी भी तरह की प्लॉटिंग या निर्माण पूरी तरह से अवैध है और ऐसे निर्माण किसी भी समय ध्वस्त किए जा सकते हैं।
आमजन से अपील
प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि भूखंड या भवन खरीदने से पहले उसकी स्वीकृति की जांच अवश्य करें। मानचित्र स्वीकृति न होने पर संपत्ति खरीदने से बचें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई और नुकसान की पूरी जिम्मेदारी निर्माणकर्ताओं और खरीददारों की स्वयं की होगी।
