झुमका तिराहा, प्रेमनगर, एकता नगर और क्लब रोड पर कार्रवाई, बिना मानचित्र स्वीकृति निर्माण कराने वालों पर शिकंजा, अवैध निर्माणों पर ध्वस्तीकरण और सीलिंग की प्रक्रिया जारी
बरेली : यूपी के बरेली में बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के अलग-अलग इलाकों में चार अवैध निर्माणों को सील कर दिया। यह कार्रवाई थाना फतेहगंज पश्चिमी, थाना प्रेमनगर और थाना बारादरी क्षेत्र में की गई। इसमें रामपुर रोड पर धनतिया, झुमका तिराहा (फतेहगंज पश्चिमी) की दिलीप कुमार गुप्ता द्वारा करीब 5000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में टीन शेड डालकर अवैध निर्माण कराया जा रहा था। इसके अलावा प्रेमनगर थाना क्षेत्र (दिव्य प्रकाश प्रेस के सामने) गौरव मित्तल द्वारा लगभग 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल में भवन निर्माण बिना स्वीकृति कराया जा रहा था। प्लॉट नं. 05, एकता नगर, बरेली में शुभम अग्रवाल ने स्वीकृत मानचित्र के विपरीत लगभग 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल में भवन निर्माण शुरू कर दिया था। इसके अलावा एक्जीक्यूटिव क्लब रोड, बरेली में ध्रुव राना द्वारा लगभग 120 वर्गमीटर क्षेत्रफल में व्यवसायिक हॉल का निर्माण किया जा रहा था।
किस टीम ने की कार्रवाई
इस दौरान बीडीए के अवर अभियंता संदीप कुमार,सीताराम तथा सहायक अभियंता धर्मवीर सिंह चौहान, मनोज कुमार सिंह और प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी निर्माणों को सील कर दिया। बरेली विकास प्राधिकरण ने साफ किया है कि बिना मानचित्र स्वीकृति के किए जा रहे अवैध निर्माणों पर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। इसमें किसी तरह की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। प्राधिकरण ने आम जनता को भी चेतावनी दी है कि किसी भी संपत्ति की खरीद से पहले यह सुनिश्चित करें कि उसका मानचित्र नियमानुसार बीडीए से स्वीकृत है।
