शमी की पकड़ी राह, बंगाल में चमक रहा यूपी का सितारा
बरेली : यूपी के अमरोहा के मोहम्मद शमी की तरह अब बरेली के दिलशाद खान भी बंगाल से क्रिकेट में अपना नाम रोशन कर रहे हैं। UP में सीमित अवसरों के कारण उन्होंने राज्य बदलने का साहसिक फैसला लिया और अब वही निर्णय उनके करियर की दिशा बदल रहा है। दिलशाद एक लेफ्ट आर्म स्पिनर हैं, जो इन दिनों बंगाल की अंडर-19 और अंडर-23 टीम के लिए लगातार विकेट चटका रहे हैं। हाल ही में सीके नायडू ट्रॉफी (अंडर-23) में मुंबई के खिलाफ उन्होंने शानदार 9 विकेट लेकर चयनकर्ताओं को अपना हुनर दिखा दिया। वे इस समय बंगाल प्रीमियर लीग में मुर्शिदाबाद किंग्स की ओर से खेल रहे हैं, और यह उनका दूसरा सीज़न है। टीम मैनेजमेंट से लेकर वरिष्ठ कोच तक, सभी उनके लेंथ कंट्रोल और फ्लाइट पर पकड़ की सराहना कर रहे हैं। दिलशाद कहते हैं, “बंगाल क्रिकेट संघ युवा खिलाड़ियों को मौका देता है। यहां मुझे लगातार मैच मिले और मैं खुद को साबित कर पाया। मेरा सपना टीम इंडिया की जर्सी पहनने का है, और मैं उस दिशा में आगे बढ़ रहा हूं।”
बचपन से देखा क्रिकेटर बनने का सपना
दिलशाद के पिता शाकिब खान, आईवीआरआई (भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान) में कार्यरत हैं। परिवार ने हमेशा उनका साथ दिया। कोच मोहम्मद इमरान के मार्गदर्शन में उन्होंने स्पिन की बारीकियां सीखीं। दिलशाद मीडिया से कहते हैं “क्रिकेट टीम बदलाव के दौर में है। सीनियर खिलाड़ी संन्यास ले रहे हैं। नए खिलाड़ियों के लिए दरवाज़े खुले हैं। मुझे भरोसा है कि एक दिन मैं भी टीम इंडिया के लिए खेलूंगा।”
दूसरे राज्यों से खेलकर नाम कमाने वालों की लंबी सूची
मोहम्मद शमी (UP- Bengal- Team India)
रोबिन उथप्पा (कर्नाटक- बंगाल- तमिलनाडु)
मनीष पांडे (महाराष्ट्र- कर्नाटक)
अब इस सूची में जल्द बरेली के दिलशाद खान का नाम भी जुड़ सकता है।
