PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी, सहारनपुर वाया बरेली-लखनऊ ट्रैक के यात्रियों को मिलेगी सहूलियत
बरेली : उत्तर रेलवे (एनआर) के सहारनपुर वाया बरेली-लखनऊ के बीच चलने वाली 26503/26504 वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन 8 नवंबर 2025 से शुरू होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आठ नवंबर को तीन जोड़ी नई वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे, जिनमें सहारनपुर वाया बरेली-लखनऊ वंदे भारत भी शामिल है। यह ट्रेन बरेली होकर गुजरने वाली तीसरी वंदे भारत होगी। हालांकि, संचालन में अब केवल तीन दिन शेष बचे हैं, लेकिन ऑनलाइन टिकट बुकिंग और किराया अभी तक घोषित नहीं किया गया है। इस वजह से यात्री उलझन में हैं और टिकट लेने के लिए इंतजार कर रहे हैं। रेलवे ने ट्रेन की समय-सारिणी जारी कर दी है, लेकिन किराये और बुकिंग को लेकर स्थानीय अधिकारियों को भी स्पष्ट आदेश नहीं मिला है।
टाइम टेबल जारी, लेकिन बुकिंग का इंतजार
मुख्य वाणिज्य निरीक्षक सैय्यद इमरान ने मीडिया को बताया कि “गाड़ी के 8 नवंबर से शुरू होने का आदेश प्राप्त हुआ है। लेकिन किराया और ऑनलाइन बुकिंग को लेकर अभी कोई अलग से जानकारी जारी नहीं हुई है। बरेली जंक्शन पर प्लेटफार्म नंबर-4 पर ट्रेन का स्वागत आयोजन किया जाएगा।”26503 सहारनपुर वाया बरेली-लखनऊ (सप्ताह में 6 दिन चलेगी, और, सोमवार को बंद रहेगी)। यह ट्रेन सहारनपुर से सुबह 3:00 बजे रुड़की स्टेशन से 3:45 बजे, नजीबाबाद 4:40 बजे, मुरादाबाद जंक्शन से 6:10, बरेली आगमन 7:33 बजे, शाहजहांपुर 8:38 बजे, सीतापुर 9:50 बजे चलकर लखनऊ जंक्शन पर 11:00 बजे पहुंचेगी।
6 दिन संचालन
26504 लखनऊ वाया बरेली-सहारनपुर का संचालन लखनऊ जंक्शन से शाम 5:00 बजे, सीतापुर 5:55 बजे,शाहजहांपुर 7:10 बजे, और बरेली आगमन 8:08 बजे,मुरादाबाद 9:27 बजे, नजीबाबाद 10:45 बजे,रुड़की 11:40 बजे, और सहारनपुर आगमन 12:45 बजे होगा। इसकी समय सारिणी तय हो गई है, लेकिन ऑनलाइन टिकट बुकिंग अभी तक बंद है। जिसके चलते यात्री परेशान हैं। हालांकि, रात तक बुकिंग खुलने की उम्मीद है।
