बरेली विकास प्राधिकरण की बड़ी घोषणा
बरेली : यूपी के बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने किसानों को राहत देते हुए ऐलान किया है कि पीलीभीत रोड पर प्रस्तावित नयी टाउनशिप योजना में ली जाने वाली भूमि का मुआवजा किसानों को बढ़ी हुई सर्किल दर के 4 गुना के आधार पर दिया जाएगा। यह फैसला 24 सितंबर 2025 को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई भूमि क्रय दर निर्धारण समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में सभी नामित अधिकारी व सदस्य शामिल हुए।
किन ग्रामों की भूमि होगी अधिग्रहित?
कुल 267.1925 हेक्टेयर भूमि निम्न ग्रामों से आपसी सहमति के आधार पर अधिग्रहित की जाएगी। अडुपूरा जागीर, आसपुर खूबचंद, अहिलादपुर, कुम्हरा, कलापुर, बरकापुर, मोहरनियां, हरहरपुर, नवदिया कुर्मियान। यह भूमि लगभग 2275 किसानों/भू-स्वामियों से ली जाएगी।
कितना मिलेगा मुआवजा?
अगस्त 2025 में सर्किल दर बढ़ाई गई थी। उसी के आधार पर सामान्य भूमि पर 120 लाख प्रति हेक्टेयर, लिंक मार्ग/सड़क पर भूमि पर 145 लाख प्रति हेक्टेयर, राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूमि 295 लाख प्रति हेक्टेयर, किसानों को इन दरों का चार गुना प्रतिकर सीधे बैंक खातों में 48 घंटे के भीतर इलेक्ट्रॉनिक ट्रांसफर के जरिए मिलेग
नयी टाउनशिप योजना की विशेषताएं
योजना में 45 मीटर और 30 मीटर चौड़ी सड़कों का प्रावधान किया गया है, सभी बिजली लाइनें भूमिगत होंगी और 132 KVA विद्युत उपकेंद्र स्थापित किया जाएगा। इसमें आवासीय व व्यवसायिक भूखंडों के साथ होटल, अस्पताल, शैक्षिक संस्थान, साइबर सिटी और मल्टीप्लेक्स शामिल होंगे। इसके अलावा एम्यूजमेंट पार्क, कम्युनिटी सेंटर, सेंट्रल पार्क और नेबरहुड पार्क का भी विकास किया जाएगा।
रोजगार और विकास का नया हब
यह योजना, ग्रेटर बरेली आवासीय योजना और रामगंगा नगर के बाद, BDA की दूसरी सबसे बड़ी टाउनशिप होगी। यह न केवल आवास व व्यवसाय का बड़ा केंद्र बनेगी बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन का भी जरिया होगी।
