बरेली : धर्म छिपाकर एक महिला से संबंध बनाने, शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोप में वांछित आरोपी को कैंट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ महिला की शिकायत पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं पूछताछ में आरोपी ने खुद को निर्दोष बताते हुए महिला के आरोपों को आपसी विवाद का परिणाम बताया है। मामले की जांच जारी है।
महिला की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
शहर के कैंट थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने 6 जून को पुलिस को शिकायत दी थी कि एक युवक ने अपनी असली पहचान छिपाकर उससे संपर्क किया।आरोप है कि युवक ने विवाह का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में ब्लैकमेल करते हुए मानसिक व शारीरिक शोषण किया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया और विरोध करने पर धमकियां दी गईं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को किया गिरफ्तार
वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कैंट पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई कर आरोपी नकटिया मोहनपुर विद्युत उपकेंद्र के सामने से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी बारादरी थाना क्षेत्र के रोहिली टोला का रहने वाला है।पुलिस ने आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पूछताछ में आरोपी ने लगाए अलग दावे
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी मुलाकात करीब डेढ़ साल पहले शाहदाना स्थित दरगाह पर महिला से हुई थी। उसके अनुसार दोनों एक-दूसरे के धर्म और वैवाहिक स्थिति के बारे में पहले से जानते थे तथा आपसी सहमति से संपर्क में थे। आरोपी का कहना है कि कुछ समय पहले दोनों के बीच विवाद हो गया था, जिसके बाद वह अपनी पहली पत्नी के पास लौट गया। आरोपी ने दावा किया कि इसी विवाद के चलते उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विवेचना कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
