मृतक का फाइल फोटो
बरेली : भोजीपुरा में एक खुशियों भरा शादी समारोह कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। बहन की शादी के मौके पर उसके जवान भाई ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जहां कुछ ही देर पहले बैंड-बाजे की धुनों के बीच हंसी-खुशी का माहौल था, वहीं अचानक चीख-पुकार से पूरा गांव गम में डूब गया। यह दर्दनाक घटना भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव कंचनपुर की है। यहाँ भजन लाल की बेटी मुस्कान की शाम शादी थी। बारात भोजीपुरा के ही एक बारातघर में आई थी और सभी रस्में खुशी के माहौल में चल रही थीं।।परिवार के सदस्य और रिश्तेदार खाना खा रहे थे, वहीं मंडप में विवाह की तैयारियाँ चल रही थीं।
घर नहीं लौटा आलोक कुमार
इसी दौरान दुल्हन का भाई 22 वर्षीय आलोक कुमार अचानक किसी बहाने से घर चला गया। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिवार के लोग उसे देखने घर पहुँचे। वहाँ का नज़ारा देखकर सबके होश उड़ गए। घर के बरामदे में आलोक फंदे से लटका हुआ मिला। परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रवीन सोलंकी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
शादी में मची चीख पुकार
यह खबर जैसे ही शादी स्थल पर यह खबर पहुँची, खुशी की जगह मातम ने ले ली। बैंड-बाजा बंद करा दिया गया। आयोजन सिमट गया। बेहद भारी माहौल में रात में ही दुल्हन की विदाई कराई गई, जब मायके लौटी दुल्हन, तो घर मातम में डूबा हुआ था… और उसके भाई की अर्थी उठ चुकी थी। परिवार के अनुसार, आलोक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
