बरेली : 26 सितंबर को हुए बरेली बवाल मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर आइएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा समेत 12 आरोपियों के खिलाफ चौथी चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी है। यह चार्जशीट कोतवाली थाना क्षेत्र में हुए उपद्रव से जुड़े मामले में दाखिल की गई है। इसमें पुलिस टीम पर हमला, पेट्रोल बम फेंकने और सरकारी हथियार छीनने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, मौलाना तौकीर रजा के आह्वान के बाद 26 सितंबर को शहर के कई इलाकों में हिंसा भड़क उठी थी। हालात, इतने बेकाबू हो गए थे कि पुलिस पर पथराव, पेट्रोल बम फेंकने के साथ ही पुलिसकर्मियों से हथियार तक छिनने का आरोप लगा था।
बिहारीपुर चौकी प्रभारी ने दर्ज कराया था मुकदमा
इसी दिन कोतवाली क्षेत्र में जिला पंचायत कार्यालय के पास भी जमकर बवाल हुआ था। इस मामले में बिहारीपुर चौकी प्रभारी शिवम कुमार की तहरीर पर कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। विवेचना की जिम्मेदारी दरोगा गौरव अत्री को सौंपी गई थी। जिन्होंने जांच पूरी कर अब कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि इस मामले में मौलाना तौकीर रजा समेत कुल 12 लोगों को आरोपी बनाया गया है। जिनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है, उनमें शामिल हैं मौलाना तौकीर रजा खां, नदीम खां, समीर अली, नफीस, फरहान रजा खां, सफीले अहमद, आरिफ, नदीम, अफजाल बेग, मुनीर इदरीशी, अनीस सकलैनी, फरहद आदि हैं।
हाईकोर्ट से मिली राहत
इस मामले में मौलाना तौकीर रजा, अनीस सकलैनी और नफीस को पहले ही जमानत मिल चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की जमानत याचिकाओं पर कोर्ट में सुनवाई लंबित है। गौरतलब है कि 26 सितंबर के बरेली बवाल से जुड़े मामलों में अब तक कुल चार चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं, जिससे साफ है कि पुलिस इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कानूनी कार्रवाई को लगातार आगे बढ़ा रही है। बरेली बवाल केस में चौथी चार्जशीट दाखिल होना इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में आरोपियों की कानूनी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
