बरेली : मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर शुक्रवार को बरेली सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश सरकार के सहकारिता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं बरेली के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। सरकार की योजनाओं का लाभ गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं तक सीधे पहुंचा है, जिससे जनता का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है।
जनता के भरोसे ने बदली देश की तस्वीर
जेपीएस राठौर ने कहा कि मोदी सरकार ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा है। यही कारण है कि जनता का सरकार पर विश्वास लगातार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि जनधन योजना, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। सरकार की नीतियों से गरीबों को सीधा लाभ मिला और पारदर्शिता बढ़ी है।
अर्थव्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल इंडिया में बड़ी छलांग
प्रभारी मंत्री ने बताया कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में सड़कों, एक्सप्रेस-वे, रेलवे और हवाई अड्डों का तेजी से विकास हुआ है। वंदे भारत और तेजस जैसी आधुनिक ट्रेनों ने यात्रा को बेहतर बनाया है। वहीं डिजिटल इंडिया अभियान के तहत यूपीआई भुगतान में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है और भारत डिजिटल ट्रांजैक्शन के मामले में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है।
किसानों, महिलाओं और गरीबों के लिए बनीं मजबूत योजनाएं
उन्होंने बताया कि किसान सम्मान निधि के तहत करोड़ों किसानों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से लगभग 11 करोड़ महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन मिला है। आयुष्मान भारत योजना के तहत करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना से लाखों परिवारों को पक्के घर मिले हैं, जबकि जल जीवन मिशन और सौभाग्य योजना ने गांवों तक पानी और बिजली पहुंचाने का काम किया है।
बरेली में भी दिख रहा विकास का असर
जेपीएस राठौर ने कहा कि बरेली में नाथ कॉरिडोर, लिलौर झील,विकास परियोजना,अटल आवासीय विद्यालय, मेगा फूड पार्क और सरदार वल्लभभाई पटेल इम्प्लॉयमेंट जोन जैसी परियोजनाओं पर तेजी से काम हुआ है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत बरेली ने इलाज के मामलों में भी उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। साथ ही जिले के विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल योजनाओं और आंकड़ों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य जनता के सहयोग और मजबूत नेतृत्व के दम पर जरूर पूरा होगा।
