बरेली: यूपी के बरेली देहात के नवाबगंज थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इनायतपुर के पास लखीमपुर (पलिया) से पंजाब जा रही एक स्कॉर्पियो को अनियंत्रित टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
टक्कर इतनी जबरदस्त कि तीन लोगों ने मौके पर तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टैंकर की टक्कर बेहद तेज थी, जिससे स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान पंजाब के फतेहगढ़ जिले के भूपेंद्र कौर और हरजीत सिंह तथा लुधियाना निवासी संतोष सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
दो घायल, इलाज जारी
हादसे में स्कॉर्पियो चालक मुकुंद सिंह और लाडी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बरेली रेफर कर दिया गया। अस्पताल में दोनों का इलाज जारी है और डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस जांच में जुटी, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
हादसे की सूचना मिलते ही नवाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जबकि मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
